बिहार चुनाव
शुक्रिया नरेंद्र मोदी ,शुक्रिया नीतीश कुमार और शुक्रिया तेजस्वी
आप सब सोच रहे होंगे कि यह शुक्रिया किस लिए ?एक साथ तीनो को शुक्रिया ?
जी हाँ। इसकी बहुत बड़ी वजह है,और वज़ह है बिहार का चुनाव।
इस बार बिहार विधान सभा का चुनाव बिलकुल अलग अंदाज़ में हो रहा है। सभी दलों ने अपने चुनावी घोषणा पत्रों में रोज़ी-रोज़गार को और नौकरियों को प्रमुख स्थान दिया है।
खुलेआम जात-पांत और अगड़े-पिछड़े की राजनीति करने वाले दल राजद ने लालू यादव को नेपथ्य में डालते हुए युवा नेता तेजस्वी को अपना नेता बनाया है। एक दो चुनावी सभाओं की बात छोड़ दें ,तो तेजस्वी ने अपने भाषणों में सरकारी नौकरियां देने की बात कर युवाओं में आकर्षण पैदा कर दिया है। यह अलग बात है कि इन वादों को पूरा करना और सब को सरकारी नौकरी देना कितना संभव है ?फिर भी उस दल की तरफ से ऐसी बातों की चर्चा होना, जिस पर बिहार को गर्त में ले जाने के तमाम आरोप लगते रहें हों ,निश्चित रूप से सुखद है।
तेजस्वी का ऊर्जा से भरा हुआ भाषण और आत्मविश्वास उन्हें एक परिपक़्व नेता तो निश्चित रूप से बना दिया है।
बिहार की चर्चा के केंद्र में हमेशा रहने वाले और १५ वर्षों से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी अगली पारी के लिए भी कमर कस कर तैयार बैठे हुए हैं। इस उम्र में भी ऊर्जा से ओतप्रोत और अपनी तमाम उपलब्धियों के बल पर मतदाताओं का विश्वास फिर से जीतने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि जब बिहार में शिक्षा ,स्वास्थ्य ,सड़कें और कानून व्यवस्था सब बुरी तरह से धवस्त हो गई थी, उस समय इन्होनें मुख्यमंत्री का पद संभाला, और तब से लेकर आज तक बिना कोई छुट्टी लिए बिहार की सेवा में अनवरत लगे हुए हैं। इनके नेतृत्व में बिहार ने कई कीर्तिमान स्थापित किया है। अगर इन्हें एक और मौका मिलता है तो निश्चित रूप से बिहार को एक नए मुकाम पर पहुंचने और अपने अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा होने में मदद मिलेगी।
अब बारी आती है हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की। एक अद्भुत नेता ,अविश्वसनीय ऊर्जा और तमाम राजनीतिक और व्यक्तिगत आरोपों के बावजूद कुशलता पूर्वक बिहार के इस चुनावी संग्राम को संचालित कर रहे हैं। केंद्र द्वारा संचालित तमाम योजनाओं की जानकारी अपने भाषणों से लोगों को दें रहें हैं। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के लिए गैस सिलिंडर,राशन सड़कें, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय कामों की चर्चा हर मंच से करते हुए डबल इंजन की सरकार को फिर से बनाने का अनुरोध कर रहें हैं।
निश्चित रूप से इस बार का बिहार चुनाव बहुत ही रोचक और दिलचस्प है।
इन्हीं आधारभूत मुद्दों पर चुनाव हो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है।
#संजयकीसोच

Comments
Post a Comment